दिल्ली में शिमला जैसी ठंड, तापमान 9 डिग्री तक गिरा

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली इस समय शिमला जैसी ठंड का सामना कर रही है. घने कोहरे और शीतलहर के बीच दिल्ली एनसीआर के लोग कड़कड़ाती ठंड से जूझ रहे हैं. ठंड से बचने के लिए जगह-जगह लोग आग जलाकर बैठे नजर आ रहे हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 12 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. आज दिल्ली एनसीआर में मध्यम कोहरा रहेगा और शीतलहर का दौर भी जारी रहेगा.
दिलचस्प बात यह है कि सोमवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो दिल्ली के तापमान से अधिक है. ऐसे में राजधानी में लोगों को पहाड़ों जैसी ठंड का अनुभव हो रहा है.
25 दिसंबर को और गिरेगा तापमान
आईएमडी के मुताबिक, 25 दिसंबर दिल्ली में काफी ठंडा रहने वाला है. इस दिन न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है. जब 25 किलोमीटर की रफ्तार से सर्द हवाएं चलेंगी, तो दिल्ली में कुल्लू जैसी सर्दी का अहसास होगा. सोमवार को कुल्लू में तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
वायु गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली में वायु प्रदूषण की समस्या से कुछ राहत मिल सकती है. 23 और 24 दिसंबर को दिल्ली में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. हवा की स्थिति बेहतर होने से विजिबिलिटी में सुधार होगा और एक्यूआई भी कम होने का अनुमान है.
उत्तर भारत में घने कोहरे का अलर्ट
पूरे हफ्ते पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग ने बताया कि 25-27 तारीख के दौरान पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग इलाकों में, 26 और 27 को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में, तथा 22, 26 और 27 को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात और सुबह के दौरान घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है.
भारत मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अखिल श्रीवास्तव ने बताया, “उत्तर पश्चिम भारत में अगले एक हफ्ते तक घने कोहरे का संकट बना रहेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में घना कोहरे का संकट 23 तारीख तक बना रहेगा. इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में अभी येलो अलर्ट है, लेकिन 25 से 28 दिसंबर के बीच इन जगहों पर बेहद घना कोहरे का संकट बने रहने का पूर्वानुमान है.”
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए दस से ज्यादा राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. उत्तर भारत के लोगों को अभी कुछ दिनों तक भयंकर ठंड का सामना करना पड़ सकता है.
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर में आज कई पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश हो रही है. भारत मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी और बारिश के लिए आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.





