‘बंटवारा 1947’ से सामने आए सितारों के लुक, सनी देओल का भावुक अंदाज चर्चा में

मुंबई: सनी देओल, प्रीति जिंटा, शबाना आजमी और अली फजल स्टारर फिल्म ‘बंटवारा 1947’ लगातार चर्चा में बनी हुई है। हाल ही में फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान किया गया था और अब मेकर्स ने फिल्म के मुख्य किरदारों की पहली झलक दर्शकों के साथ साझा की है। इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है, जबकि इसका निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले किया गया है।
फिल्म के नए पोस्टर्स में सभी कलाकार अपने-अपने किरदारों में नजर आ रहे हैं। पोस्टर्स में बंटवारे के दौर की पीड़ा, संघर्ष, उम्मीद और हिम्मत की झलक देखने को मिलती है। मेकर्स का कहना है कि यह फिल्म भारत के विभाजन के समय लोगों के दर्द और उनके साहस की कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करेगी।
View this post on Instagram
दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी फिल्म में दुर्गावती देवी (माई) की भूमिका निभा रही हैं। वहीं सनी देओल सिकंदर मिर्जा के किरदार में नजर आए हैं। उनके पोस्टर में भावुकता और दर्द साफ दिखाई देता है, जो फिल्म की गंभीर कहानी की ओर इशारा करता है।
प्रीति जिंटा फिल्म में हमीदा बेगम की भूमिका निभा रही हैं। उनका किरदार भी बंटवारे के कठिन दौर में संघर्ष और साहस की कहानी को सामने लाता है। फिल्म में सनी देओल के बेटे करण देओल भी अहम भूमिका में हैं। वह जावेद मिर्जा के किरदार में नजर आएंगे।
इसके अलावा अली फजल हबीब अनवर और अभिमन्यु सिंह याकूब खान की भूमिका निभा रहे हैं। सभी कलाकारों के पोस्टर्स को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
फिल्म का संगीत मशहूर संगीतकार ए. आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि इसके गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने किया है।
‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले रिलीज होने जा रही यह फिल्म देश के इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय को बड़े पर्दे पर दिखाएगी।




