NM VERIFIED: सलमान खान और वैभव सूर्यवंशी का वायरल वीडियो फर्जी, जांच में हुआ खुलासा

सोशल मीडिया पर इन दिनों बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि दोनों साथ नजर आ रहे हैं और वैभव सूर्यवंशी लोगों से सलमान खान के एक फैन अकाउंट को फॉलो करने की अपील कर रहे हैं।

हालांकि, फैक्ट चेक में यह दावा पूरी तरह गलत साबित हुआ है। जांच में पता चला कि यह वीडियो असली नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किया गया है।
जांच के दौरान वीडियो के कई फ्रेम की रिवर्स इमेज सर्च की गई, लेकिन ऐसा कोई सबूत नहीं मिला जिससे यह साबित हो सके कि सलमान खान और वैभव सूर्यवंशी ने साथ में ऐसा कोई वीडियो बनाया है। दोनों के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भी ऐसा कोई वीडियो मौजूद नहीं है। साथ ही किसी विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट में भी इस वीडियो का जिक्र नहीं मिला।
वीडियो की फ्रेम-दर-फ्रेम जांच में कई गड़बड़ियां सामने आईं। इसमें चेहरों के हाव-भाव अस्वाभाविक दिखे, होंठों का आवाज से मेल नहीं खा रहा था, शरीर की हरकतें अजीब थीं, रोशनी और परछाइयों में असमानता थी और बैकग्राउंड भी असली जैसा नहीं लग रहा था। ये सभी संकेत AI से तैयार किए गए वीडियो की ओर इशारा करते हैं।

इसके अलावा, वीडियो की जांच AI डिटेक्शन टूल Hive Moderation से भी की गई। इस टूल ने भी वीडियो के AI से बनाए जाने की पुष्टि की और इसे उच्च संभावना के साथ AI-जनरेटेड बताया।
जांच के आधार पर साफ है कि सलमान खान और वैभव सूर्यवंशी का वायरल वीडियो पूरी तरह फर्जी है। यह AI की मदद से तैयार किया गया है और दोनों ने ऐसा कोई वीडियो न तो बनाया है और न ही अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है।





