स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे को भारत में मिली रिलीज की मंजूरी, CBFC ने किए 3 बदलाव

मुंबई: हॉलीवुड फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ इस गुरुवार, 30 जुलाई को भारत के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज से पहले सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने फिल्म को UA 13+ सर्टिफिकेट दिया है। हालांकि, बोर्ड ने फिल्म में तीन बदलाव करने के निर्देश भी दिए हैं।
CBFC के अनुसार, फिल्म से एक रोमांटिक किसिंग सीन हटाया गया है। इसके अलावा अंग्रेजी ऑडियो और सबटाइटल्स में मौजूद कुछ आपत्तिजनक शब्दों को म्यूट और हटाया गया है। वहीं, शराब पीने वाले दृश्यों के दौरान स्वास्थ्य चेतावनी (Anti-Liquor Warning) दिखाना भी अनिवार्य किया गया है।
इन बदलावों के बाद फिल्म को भारत में रिलीज की मंजूरी मिल गई है। फिल्म की कहानी या एक्शन सीन्स में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। फिल्म में एक बार फिर टॉम हॉलैंड पीटर पार्कर (स्पाइडर-मैन) और जेंडाया एमजे के किरदार में नजर आएंगे। यह कहानी ‘स्पाइडर-मैन: नो वे होम’ के बाद की घटनाओं को आगे बढ़ाती है, जहां पीटर पार्कर की पहचान उसके करीबियों की यादों से मिट जाती है।
अब पीटर को नई शुरुआत करनी पड़ती है। इसी दौरान उसे अपनी निजी जिंदगी और एक नए दुश्मन का सामना करना पड़ता है। फिल्म के ट्रेलर से पता चलता है कि इस बार कहानी पहले से ज्यादा गंभीर और जमीन से जुड़ी होगी। साथ ही इसमें एक्शन, इमोशन और मनोरंजन का पूरा तड़का भी देखने को मिलेगा।





