मनोरंजन

NEET पेपर लीक विवाद के बीच आई ‘Scam: The Leak’, टीजर ने बटोरी सुर्खियां

नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और युवाओं का प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है। प्रदर्शनकारी देश में बेहतर शिक्षा व्यवस्था और नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस आंदोलन को कई फिल्मी हस्तियों का भी समर्थन मिल रहा है।

इसी बीच एक ओटीटी प्लेटफॉर्म ने ‘Scam: The Leak’ नाम की नई वेब सीरीज का ऐलान किया है। यह सीरीज पेपर लीक और उससे छात्रों की जिंदगी पर पड़ने वाले असर को दिखाती है।


सीरीज के टीजर में एक मेडिकल प्रवेश परीक्षा का पेपर लीक होते हुए दिखाया गया है। इसके बाद खबर आती है कि पेपर पहले ही लीक हो चुका था और परीक्षा रद्द कर दी गई है। टीजर में खाली क्लासरूम, “पापा” के नाम से आने वाली फोन कॉल और आत्महत्या कर चुके एक छात्र की झलक भी दिखाई गई है।

हालांकि, सीरीज के निर्माताओं ने यह नहीं कहा है कि इसकी कहानी किसी वास्तविक घटना पर आधारित है। लेकिन टीजर में दिखाई गई घटनाएं हाल के नीट पेपर लीक विवाद से काफी मिलती-जुलती नजर आती हैं।

यह टीजर ऐसे समय जारी किया गया है, जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा व्यवस्था में सुधार और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है।

सोमवार को CJP ने ‘चलो संसद’ मार्च निकाला था। दिल्ली पुलिस ने इस मार्च की अनुमति नहीं दी थी और संसद के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर पर हंगामे की स्थिति बन गई।

इस आंदोलन में अभिनेत्री शबाना आज़मी भी शामिल हुईं। उनके अलावा प्रकाश राज और पूनम पांडे भी प्रदर्शन में नजर आए। वहीं, सोनी राजदान, ज़ीनत अमान, अभय देओल, सोनाक्षी सिन्हा, ओमी वैद्य, इमरान खान, नसीरुद्दीन शाह और रत्ना पाठक शाह जैसे कई कलाकार सोशल मीडिया के जरिए पहले ही सोनम वांगचुक और प्रदर्शनकारी छात्रों के समर्थन में अपनी बात रख चुके हैं।

Show More
Back to top button