CWG 2026: गुरिंदरवीर सिंह ने 100 मीटर हीट में दूसरा स्थान हासिल कर सेमीफाइनल में बनाई जगह

CWG 2026 Day 5: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पांचवें दिन भारत के लिए एथलेटिक्स से अच्छी खबर आई। भारतीय धावक गुरिंदरवीर सिंह ने पुरुषों की 100 मीटर स्पर्धा की चौथी हीट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10.39 सेकंड का समय निकाला और दूसरे स्थान पर रहते हुए अगले दौर के लिए क्वालिफाई कर लिया।
गुरिंदरवीर के इस प्रदर्शन से भारत की स्प्रिंट स्पर्धा में पदक की उम्मीदें और मजबूत हो गई हैं।
गुरिंदरवीर सिंह ने किया शानदार प्रदर्शन
ग्लासगो में आयोजित 100 मीटर हीट-4 में जमैका के रोहन वॉटसन 10.13 सेकंड के समय के साथ पहले स्थान पर रहे। वहीं भारत के गुरिंदरवीर सिंह ने 10.39 सेकंड का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया।
नामीबिया के चार्ली मैटोंडू 10.50 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
दिन की शुरुआत से ही तेज रही रफ्तार
100 मीटर हीट्स में शुरुआत से ही तेज प्रदर्शन देखने को मिला। घाना के अब्दुल सामिनू ने 10.01 सेकंड का समय निकालकर कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास की सबसे तेज हीट टाइम दर्ज की।
वहीं वेल्स के जेरेमिया आजू ने 10.10 सेकंड और नाइजीरिया के फेवर एशे ने भी 10.10 सेकंड का समय निकालकर अपनी दावेदारी मजबूत की।
भारत की नजर कई पदकों पर
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का पांचवां दिन भारत के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। एथलेटिक्स के अलावा भारत की सबसे बड़ी उम्मीदें वेटलिफ्टिंग से हैं।
आज ज्ञानेश्वरी यादव, बिंदियारानी देवी और वी. अजया बाबू अपने-अपने फाइनल मुकाबलों में उतरेंगे। इससे पहले मीराबाई चानू भारत के लिए स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।
मुक्केबाजी में भी भारतीय खिलाड़ियों की चुनौती
बॉक्सिंग में भी भारत के चार मुक्केबाज सचिन सिवाच, अंकुश, साक्षी चौधरी और सुमित कुंडू राउंड ऑफ 16 के मुकाबलों में अपनी चुनौती पेश करेंगे।
इसके अलावा हाई जंप, जिम्नास्टिक्स, पैरा एथलेटिक्स, तैराकी, लॉन बॉल्स और व्हीलचेयर बास्केटबॉल में भी भारतीय खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे।
भारत को उम्मीद है कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का पांचवां दिन अब तक का सबसे सफल दिन साबित हो सकता है।





