विदेश

G7 समिट में पीएम मोदी की कूटनीतिक सक्रियता, EU नेताओं और जर्मन चांसलर से की अहम मुलाकात

एवियन (फ्रांस): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान कई अहम द्विपक्षीय और त्रिपक्षीय बैठकों में हिस्सा लिया। बुधवार को पीएम मोदी ने यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ त्रिपक्षीय बैठक की। इस दौरान भारत और यूरोपीय संघ के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा हुई।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, रक्षा, आईटी, सर्कुलर इकोनॉमी और सांस्कृतिक संबंधों को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।

बैठक के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि चांसलर मर्ज़ के साथ उनकी बातचीत बेहद सकारात्मक और उपयोगी रही। उन्होंने कहा कि भारत और जर्मनी के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति बनी है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि दोनों नेताओं ने भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी में आई नई गति पर संतोष व्यक्त किया। इस वर्ष दोनों देश अपने राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष भी मना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, हरित एवं सतत विकास, प्रौद्योगिकी, नवाचार, शिक्षा और लोगों के आवागमन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही इस बात पर भी जोर दिया गया कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) का जल्द लागू होना भारत-जर्मनी संबंधों को और मजबूती देगा। बैठक में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

G7 सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के “मानवता प्रथम” दृष्टिकोण को भी दुनिया के सामने रखा। उन्होंने इंटरनेशनल सोलर अलायंस, डिजास्टर रेजिलिएंट इंफ्रास्ट्रक्चर गठबंधन, ग्लोबल बायोफ्यूल अलायंस, मिशन लाइफ और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान जैसी पहलों का उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रति भारत का दृष्टिकोण “वसुधैव कुटुंबकम” यानी “पूरी दुनिया एक परिवार है” की भावना पर आधारित है।

इस बीच, प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ भी द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है, जिसमें व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिजों समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button