भारत

ईरान-अमेरिका तनाव पर केंद्र सतर्क, संसद में पीएम मोदी की हाई लेवल मीटिंग

पश्चिम एशिया में लगातार बिगड़ते हालात के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में देश की सुरक्षा और मौजूदा अंतरराष्ट्रीय स्थिति पर चर्चा की गई।

इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा, पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी, बंदरगाह मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और मंत्री शामिल हुए।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में पश्चिम एशिया में फिर से बढ़ते तनाव पर विस्तार से चर्चा हुई। ईरान और अमेरिका के बीच हुआ युद्धविराम टूटने के बाद हालात और गंभीर हो गए हैं। बताया जा रहा है कि ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के दौरान अमेरिका के खिलाफ कड़े बयान दिए गए, जिसके बाद तनाव और बढ़ गया।

इसके बाद होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी विवाद तेज हुआ। वहीं अमेरिका और इज़राइल ने ईरान के कई ठिकानों पर हवाई हमले किए, जिसके जवाब में ईरान ने ड्रोन और मिसाइल हमले किए। ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को भी निशाना बनाया। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कड़ी सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी है।

यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब एक दिन पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह को लेकर टिप्पणी की थी। राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि गृह मंत्री छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर सदन में आने से बच रहे हैं और उन्होंने छात्रों पर बल प्रयोग के लिए गृह मंत्री को जिम्मेदार ठहराया था। इन आरोपों को लेकर संसद में काफी हंगामा भी हुआ था।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button