राहुल गांधी के समर्थन में आए CJP संस्थापक अभिजीत दिपके, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं और केंद्रीय गृह मंत्री पर बड़ा हमला बोला है।

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुआ पुलिसिया अत्याचार और लाठीचार्ज सीधे तौर पर गृह मंत्री के निर्देशों पर किया गया था।
राहुल गांधी के सुर में सुर
अभिजीत दिपके ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस बयान का समर्थन किया है जिसमें उन्होंने शाह के इस्तीफे की मांग की थी। दिपके ने कहा, “जिस तरह से प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हमला किया गया और उनका खून बहाया गया, वह शाह के आदेश के बिना नहीं हो सकता था। मैं राहुल गांधी के बयान का समर्थन करता हूं, उनका भी मानना है कि उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। यदि हम गृह मंत्रालय के रहते हुए विदेशी फंड ले रहे हैं, तो यह भी उनकी नाकामी है। फिर आप किस तरह के चाणक्य हैं?”
दिल्ली पुलिस पर पथराव की साजिश का आरोप
दिपके ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई को सही ठहराने के लिए खुद पथराव की साजिश रची थी। उन्होंने दावा किया कि पुलिस 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर ट्रकों में भरकर पत्थर और क्षतिग्रस्त वाहन लेकर आई थी। “बीजेपी के गुंडे आए, उन्होंने पत्थर फेंके और सारा इल्जाम छात्रों पर मढ़ दिया गया,” उन्होंने कहा।
बीजेपी पर धमकियों का आरोप और पलटवार
अभिजीत दिपके ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी के कुछ सदस्यों ने पार्टी में शामिल होने का दबाव बनाने के लिए उन्हें और उनके परिवार को धमकियां दी हैं।
दूसरी ओर, बीजेपी नेता केशव उपाध्याय ने इन बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि यदि दिपके को राहुल गांधी की राह पर चलना है, तो उन्हें कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर लेनी चाहिए। साथ ही, बीजेपी ने दिपके और उनके परिवार को धमकाने के सभी आरोपों को खारिज कर दिया है।





