‘अल्फा’ के ट्रेलर में छाए आलिया और शरवरी, आखिर में ऋतिक रोशन की सरप्राइज एंट्री

यशराज फिल्म्स (YRF) की स्पाई यूनिवर्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अल्फा’ का ट्रेलर बुधवार को रिलीज कर दिया गया। फिल्म में आलिया भट्ट, शरवरी, बॉबी देओल और अनिल कपूर अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ट्रेलर में दमदार एक्शन, सस्पेंस और रोमांच देखने को मिला है, वहीं आखिर में दर्शकों को एक बड़ा सरप्राइज भी मिलता है।
करीब 2 मिनट 33 सेकंड लंबे ट्रेलर की शुरुआत आलिया भट्ट के बचपन के किरदार से होती है। बॉबी देओल एक बच्ची को “सीता” नाम देते हुए दिखाई देते हैं। आगे कहानी में पता चलता है कि आलिया का किरदार सीता नाम की एक प्रशिक्षित एजेंट का है, जिसे खास मिशन के लिए तैयार किया गया है।
ट्रेलर में आलिया भट्ट और शरवरी दोनों जबरदस्त एक्शन करती नजर आती हैं। आलिया कई हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस में दिखाई देती हैं, जबकि शरवरी भी अपने दमदार एक्शन अवतार से प्रभावित करती हैं। फिल्म में अनिल कपूर भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
बॉबी देओल का किरदार फिल्म में निगेटिव शेड्स लिए हुए नजर आता है। ट्रेलर से संकेत मिलता है कि उन्होंने बचपन से ही सीता को एक खास मिशन के लिए तैयार किया है। उनके कुछ संवाद कहानी में रहस्य और रोमांच को और बढ़ाते हैं।
ट्रेलर का सबसे बड़ा आकर्षण आखिर में देखने को मिलता है, जब सुपरस्टार ऋतिक रोशन की झलक दिखाई जाती है। उनकी एंट्री ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
शिव रवैल के निर्देशन में बनी ‘अल्फा’ YRF स्पाई यूनिवर्स की सातवीं फिल्म है। यह यूनिवर्स की पहली ऐसी फिल्म है, जिसकी कहानी महिला जासूसों पर केंद्रित है। फिल्म 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।




