फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, 3 की मौत; सुनामी की चेतावनी जारी

Philippines Earthquake: फिलीपींस के दक्षिणी शहर जनरल सैंटोस में सोमवार को 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे कई इमारतें ढह गईं और क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, इस आपदा में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि चार अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, मुख्य भूकंप के लगभग दो घंटे बाद 6.1 तीव्रता का एक और झटका भी महसूस किया गया, जिससे लोगों में दहशत और बढ़ गई।
सुनामी की चेतावनी जारी
भूकंप के बाद फिलीपींस और इंडोनेशिया की सरकारों ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को तुरंत ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी है। रिपोर्ट के अनुसार, फिलीपींस के कुछ तटीय क्षेत्रों में लगभग 3 फीट ऊंची सुनामी लहरें दर्ज की गईं।
फिलीपींस के राष्ट्रपति Ferdinand Marcos Jr. ने प्रभावित क्षेत्रों में स्कूल बंद करने के निर्देश दिए हैं और लोगों से तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की अपील की है।
कई इमारतें हुईं ध्वस्त
सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया में सामने आए वीडियो में कई इमारतों को ढहते हुए देखा गया। जनरल सैंटोस शहर में स्थित एक शॉपिंग सेंटर और एक स्कूल भवन के मलबे में तब्दील होने की खबर है। राहत एवं बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार अभियान चला रहे हैं।
फिलीपींस में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद एक इमारत के ढहने का वीडियो सामने आया है। घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है।#Philippines #Earthquake #BuildingCollapse #BreakingNews #WorldNews #NaturalDisaster #EarthquakeAlert #ViralVideo #DisasterNews #GlobalNews #NewsUpdate pic.twitter.com/vOCoetEZFI
— NewsMobile Samachar (@NewsMobileHindi) June 8, 2026
जापान और इंडोनेशिया भी अलर्ट पर
भूकंप के बाद जापान ने भी अपने प्रशांत तटीय इलाकों के लिए सुनामी एडवाइजरी जारी की है। वहीं इंडोनेशिया के कई हिस्सों में भी संभावित ऊंची लहरों को देखते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।





