Fraud and Scam

साइबर क्राइम पर सीबीआई का बड़ा वार, इंटरपोल ऑपरेशन में 8 आरोपी गिरफ्तार

सीबीआई ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई इंटरपोल के वैश्विक ऑपरेशन HAECHI-6 का हिस्सा थी, जिसमें 40 देशों ने हिस्सा लिया। ऑपरेशन का मकसद वॉइस फिशिंग, ऑनलाइन सेक्सटॉर्शन, रोमांस स्कैम, निवेश से जुड़ी धोखाधड़ी और अवैध जुए के जरिए हो रही मनी लॉन्ड्रिंग जैसे साइबर अपराधों पर लगाम लगाना था।

सीबीआई के अंतरराष्ट्रीय संचालन विभाग ने इस अभियान को एफबीआई, अमेरिकी न्याय विभाग और जर्मन अधिकारियों के साथ मिलकर अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 66,340 डॉलर (लगभग 59 लाख रुपये) नकद जब्त किए गए और 30 बैंक खातों को सीज कर दिया गया। इसके अलावा, 45 अन्य संदिग्धों की पहचान की गई है जो ट्रांसनेशनल साइबर अपराधों और ऑनलाइन यौन शोषण में संलिप्त थे।

दो आरोपियों पर अमेरिका की नाबालिग लड़कियों को सोशल मीडिया के जरिए फंसाकर जबरन अश्लील सामग्री साझा करवाने का भी आरोप है।

अवैध कॉल सेंटरों पर भी कार्रवाई
सीबीआई ने दिल्ली, अमृतसर, सिलीगुड़ी और दार्जिलिंग में चल रहे दो बड़े अवैध कॉल सेंटरों को भी बंद कराया। ये सेंटर खुद को तकनीकी सहायता एजेंट बताकर अमेरिका और जर्मनी के नागरिकों से धोखाधड़ी करते थे।

वैश्विक स्तर पर बड़ी बरामदगी
इंटरपोल के मुताबिक, इस वैश्विक ऑपरेशन के दौरान करीब 34.2 करोड़ डॉलर की धनराशि और 9.7 करोड़ डॉलर की वर्चुअल संपत्ति जब्त की गई। साथ ही, 68,000 बैंक खातों और 400 क्रिप्टो वॉलेट्स को फ्रीज किया गया। लगभग 1.6 करोड़ डॉलर की संदिग्ध अवैध कमाई क्रिप्टो वॉलेट्स से भी बरामद की गई है।

सीबीआई ने बताया कि जांच अभी जारी है और फॉरेंसिक टीमें डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button