दो शूटर गिरफ्तार! एल्विश यादव फायरिंग केस में बड़ा खुलासा

दिल्ली पुलिस ने यूट्यूबर और रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के विजेता एल्विश यादव के घर पर गोलीबारी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सोमवार को दो शूटरों को शाहबाद डेयरी के पास से गिरफ्तार किया। इन दोनों की पहचान गौरव और आदित्य के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े हैं।
गौरतलब है कि 17 अगस्त को गुरुग्राम के सेक्टर-57 स्थित एल्विश यादव के घर के बाहर तड़के करीब साढ़े पांच बजे तीन बदमाशों ने मोटरसाइकिल पर आकर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। घटना के समय एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे। हमले के बाद सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बाइक पर फरार होते नजर आए।
इससे पहले शुक्रवार (22 अगस्त) को एक और शूटर इशांत गांधी उर्फ इशु को फरीदाबाद के फरीदपुर गांव से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने भागने के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी। घायल हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की जांच में सामने आया कि इस हमले की जिम्मेदारी भाऊ गैंग ने ली थी। गैंग ने एल्विश यादव पर आरोप लगाया था कि वह एक सट्टेबाजी ऐप का प्रचार कर रहा था। इसी को लेकर इस फायरिंग की साजिश रची गई।





