प्रदर्शनकारियों की रिहाई के बाद CJP का यू-टर्न, पुलिस मुख्यालय के बाहर धरना रद्द

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने मंगलवार रात दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर होने वाला अपना प्रस्तावित धरना रद्द कर दिया। पार्टी ने यह फैसला सभी हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों के रिहा होने के बाद लिया। CJP ने पहले आरोप लगाया था कि बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में रखा गया है और उन्हें अपने वकीलों से मिलने नहीं दिया जा रहा है। इसी के विरोध में रात 8 बजे दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर धरना देने का ऐलान किया गया था।
हालांकि, पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि सभी प्रदर्शनकारियों को रिहा कर दिया गया है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए धरना वापस लेने की घोषणा की।
Huge victory for our movement!
The Police has now released all detainees just before one hour ago. They had illegally been detained for peacefully protesting for over a day, but the Police has had to bow down to public pressure.
The CJP is no longer conducting its dharna at…
— Cockroach Janta Party (@CJP_for_India) July 21, 2026
वहीं, दिल्ली पुलिस ने भी बयान जारी कर कहा कि फिलहाल कोई भी व्यक्ति हिरासत में नहीं है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर चल रही उन खबरों को भ्रामक बताया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि लोगों को हिरासत में रखकर वकीलों से मिलने नहीं दिया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपुष्ट जानकारी साझा न करने की अपील की।
इससे पहले मंगलवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार और सांसद सुप्रिया सुले जंतर-मंतर पहुंचे और CJP के प्रदर्शन को समर्थन दिया। पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का भी समर्थन किया। गौरतलब है कि सोमवार को CJP के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई थी। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, हिंसा में 118 से अधिक पुलिसकर्मी और 60 से ज्यादा प्रदर्शनकारी घायल हुए।
पुलिस ने हिंसा, पथराव और तोड़फोड़ के मामले में पांच एफआईआर दर्ज की हैं। साथ ही 250 से अधिक वीडियो की जांच कर आरोपियों की पहचान की जा रही है। विपक्षी दलों ने पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले छोड़े गए।
इसी बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल पहुंचकर घायल प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की। इससे पहले उन्होंने CJP के प्रतिनिधिमंडल से भी मुलाकात कर उनकी मांगों पर चर्चा की।





