भारत

NEET पेपर लीक पर कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रियंका गांधी बोलीं- ‘सरकार डरी हुई है’

नई दिल्ली: NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने प्रधानमंत्री आवास के पास लोक कल्याण मार्ग पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

कांग्रेस नेताओं ने राजाजी मार्ग से लोक कल्याण मार्ग तक मार्च निकाला। पार्टी ने पेपर लीक मामले में सरकार से जवाबदेही तय करने, छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की जांच कराने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। हिरासत में लिए जाने के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार डर गई है, लेकिन कांग्रेस डरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा, “वे डरे हुए हैं, हम नहीं।”

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने राहुल गांधी को मौके से हटाकर पुलिस बस तक पहुंचाया। कई अन्य कांग्रेस सांसदों और पार्टी कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई वरिष्ठ नेताओं के साथ धक्का-मुक्की की गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपना विरोध जारी रखेगी और फिर से प्रदर्शन करेगी। वहीं, कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि यह आंदोलन की शुरुआत है और छात्रों को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने भी कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लेने की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पार्टी छात्रों के न्याय की लड़ाई लड़ रही है और इस मुद्दे पर संसद में चर्चा होनी चाहिए। दूसरी ओर, केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार ने संसद में NEET मुद्दे पर चर्चा की मांग मान ली थी, लेकिन बाद में राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की नई शर्त जोड़ दी।

गौरतलब है कि NEET-UG 2026 पेपर लीक और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर हमला बोल रहा है। इसी मुद्दे को लेकर संसद के दोनों सदनों में भी लगातार हंगामा देखने को मिल रहा है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button