NEET पेपर लीक को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी हिरासत में

नई दिल्ली: NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने प्रधानमंत्री आवास के पास लोक कल्याण मार्ग पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई सांसदों और कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
कांग्रेस सरकार से पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही थी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने राहुल गांधी को मौके से हटाकर बस तक पहुंचाया। वहीं, कई अन्य कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया।
हिरासत में लिए जाने के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि सरकार डर गई है, लेकिन कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि वे किसी से डरते नहीं हैं। विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस वैन से बात करते हुए कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि यह आंदोलन की शुरुआत है और छात्रों को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक ने लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित किया है और सरकार को इसका जवाब देना होगा।
वहीं, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने की आलोचना की। उन्होंने कहा कि विपक्ष छात्रों के अधिकारों के लिए लड़ रहा है और संसद में इस मुद्दे पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि गिरफ्तारी से कोई डरने वाला नहीं है और आंदोलन जारी रहेगा।
दूसरी ओर, केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने दावा किया कि सरकार ने संसद में NEET मामले पर चर्चा के लिए सहमति दे दी थी। उनका आरोप है कि इसके बाद राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की नई शर्त रख दी और प्रदर्शन खत्म करने से इनकार कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने संसद में चर्चा के लिए औपचारिक नोटिस नहीं दिया था।
गौरतलब है कि NEET-UG 2026 पेपर लीक और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमला बोल रहा है। इसी मुद्दे को लेकर संसद में भी लगातार हंगामा देखने को मिल रहा है।





