राजकुमार राव और वामिका गब्बी की फिल्म ‘भूल चूक माफ’ का ट्रेलर रिलीज, टाइम लूप में फंसी अनोखी प्रेम कहानी

राजकुमार राव और वामिका गब्बी की अपकमिंग फिल्म ‘भूल चूक माफ’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में पहली बार दोनों कलाकार साथ नजर आ रहे हैं। करण शर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म का ट्रेलर दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है, जिसमें कॉमेडी और इमोशन का शानदार मिश्रण देखने को मिल रहा है। ‘भूल चूक माफ’ 9 मई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म की कहानी एक मजेदार ट्विस्ट के साथ शादी और सरकारी नौकरी के इर्द-गिर्द घूमती है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि राजकुमार और वामिका शादी करना चाहते हैं, लेकिन लड़की के पिता इसके लिए एक शर्त रखते हैं—अगर राजकुमार राव को सरकारी नौकरी मिलती है, तभी यह रिश्ता मंजूर होगा। इसके बाद शुरू होती है सरकारी नौकरी की जद्दोजहद।
जब नौकरी मिल जाती है, तब शादी तय हो जाती है, लेकिन ऐन मौके पर कुछ ऐसा होता है कि शादी का दिन ही नहीं आता। पंडित जी बताते हैं कि राजकुमार ने किसी का दिल दुखाया है, इसलिए वह सबसे ‘भूल चूक माफ’ करने की अपील करता है।
ट्रेलर में हल्के-फुल्के हास्य दृश्यों के साथ सामाजिक संदेश भी छिपा हुआ है। फिल्म में राजकुमार राव और वामिका गब्बी के अलावा सीमा पाहवा भी अहम भूमिका में नजर आएंगी।





