राजनीति

20 फरवरी को रामलीला मैदान में होगा दिल्ली के मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह

दिल्ली के मुख्यमंत्री और नए मंत्रिमंडल को 20 फरवरी को सुबह 11 बजे रामलीला मैदान में शपथ दिलाई जाएगी. उपराज्यपाल वीके सक्सेना दोपहर 12:35 बजे मनोनीत मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे.

 

इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, अन्य केंद्रीय मंत्री, एनडीए के मुख्यमंत्री और उप मंत्री शामिल होंगे. दिल्ली भाजपा विधायक दल के नेताओं के चुनाव के लिए भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है.

भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रीय राजधानी के लिए ऐतिहासिक घटना होगी. इसके अलावा उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप की हार पर चुटकी लेते हुए कहा कि दिल्ली की जनता ने एक तानाशाह शासक को उसके झूठ, छल और धोखाधड़ी की सजा दी है.

 

बता दें कि भाजपा 5 फरवरी को हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) को हराकर 27 साल बाद सत्ता में आई है. बीजेपी की तरफ से समारोह के आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं. इसी बीच बीजेपी का निमंत्रण पत्र भी सामने आ गया है. बीजेपी के निमंत्रण पत्र के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत दोपहर 12 बजे की जाएगी. गुरुवार को होने वाले शपथ ग्रहण से पहले बुधवार का दिन भी हलचल वाला है. लंबे इंतजार के बाद बीजेपी में आज बैठकों का दौर जारी है. शाम तक सीएम के नाम की घोषणा हो जाएगी.

Show More
Back to top button