शुभमन गिल ने पहली बार वनडे रैंकिंग में नंबर 1 स्थान हासिल किया, बाबर आजम को छोड़ा पीछे!

भारत के स्टार ओपनर शुभमन गिल ने इतिहास रचते हुए अपने करियर में पहली बार वनडे रैंकिंग में नंबर 1 पोजिशन हासिल की है। आईसीसी की ताजा रैंकिंग में उन्होंने पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को पछाड़ते हुए शीर्ष स्थान पर अपनी जगह बनाई है। शुभमन गिल अब 796 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ वनडे रैंकिंग में सबसे ऊपर हैं, जबकि बाबर आजम 773 प्वाइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर लुड़क गए हैं। बाबर के लिए यह गिरावट तब आई, जब वह न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ ट्राई सीरीज में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए। वहीं, गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें उनके बल्ले से दो अर्धशतक और एक शतक निकला था।
Latest ICC ODI Rankings:
Shubman Gill ~ New No.1 ODI Batsman 🔥 pic.twitter.com/98zGRvHB8h
— 𝑺𝒉𝒆𝒃𝒂𝒔 (@Shebas_10dulkar) February 19, 2025
शुभमन गिल ने 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था, और अब तक उन्होंने सिर्फ 50 वनडे मैच खेले हैं। इतने कम मैचों में ही उन्होंने वनडे रैंकिंग के शीर्ष स्थान को हासिल कर लिया है, जो उनके शानदार प्रदर्शन का प्रमाण है। गिल ने अब तक 60 से अधिक की औसत से 2587 रन बनाए हैं, जिसमें 7 शतक और 15 अर्धशतक शामिल हैं। गिल ने वनडे क्रिकेट में एक दोहरा शतक भी जड़ा है, और वह सबसे तेजी से 2500 रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने हैं। यही कारण है कि उनका नंबर 1 वनडे बल्लेबाज बनना किसी भी क्रिकेट प्रेमी के लिए कोई आश्चर्य की बात नहीं है।
शुभमन गिल ने 2023 में नवंबर महीने में भी नंबर 1 वनडे बल्लेबाज का ताज पहना था, लेकिन बाबर आजम ने जल्द ही यह स्थान छीन लिया था। अब एक बार फिर गिल ने बाबर को पछाड़ते हुए शीर्ष पोजिशन पर अपनी जगह बनाई है। हालांकि, गिल को इस रैंकिंग पर बने रहने के लिए चैंपियंस ट्रॉफी में बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा। इस समय गिल जबरदस्त फॉर्म में हैं, और अगर वह चैंपियंस ट्रॉफी में भी शानदार रन बनाते हैं, तो वह बाबर आजम से काफी आगे निकल सकते हैं।
आईसीसी की ताजा वनडे रैंकिंग में शुभमन गिल नंबर 1 पर हैं, जबकि बाबर आजम दूसरे स्थान पर हैं। इसके अलावा, अन्य प्रमुख बल्लेबाजों की रैंकिंग भी कुछ इस प्रकार है:
- रोहित शर्मा तीसरे नंबर पर हैं।
- हेनरिक क्लासेन एक स्थान ऊपर चढ़ते हुए चौथे नंबर पर पहुंचे हैं।
- न्यूजीलैंड के डैरेल मिचेल पांचवें स्थान पर हैं।
- विराट कोहली छठे नंबर पर हैं।
- हैरी टैक्टर 7वें नंबर पर हैं।
- चरित असालंका 8वें नंबर पर हैं।
- श्रेयस अय्यर 9वें नंबर पर पहुंचे हैं।
- शे होप 10वें नंबर पर हैं।





