मेघना गुलजार की क्राइम थ्रिलर ‘दायरा’ की रिलीज डेट घोषित, करीना ने शेयर की खास झलक

मुंबई: करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की आगामी फिल्म ‘दायरा’ की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया है। मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी यह इन्वेस्टिगेटिव क्राइम थ्रिलर फिल्म 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा एक खास बिहाइंड-द-सीन्स (BTS) वीडियो के जरिए की गई। इस वीडियो में फिल्म की शूटिंग के दौरान के कई अनदेखे पल दिखाए गए हैं। वीडियो में पुलिस की गाड़ियां, क्लैपरबोर्ड और यूनिफॉर्म में नजर आ रहीं करीना कपूर खान की झलक भी देखने को मिलती है।
View this post on Instagram
करीना कपूर खान ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “यह फिल्म खास रहने वाली है। ‘दायरा’ के पर्दे के पीछे की कुछ अनदेखी झलकियां। 18 सितंबर को सिनेमाघरों में मिलते हैं।”
सच्ची घटनाओं से प्रेरित इस फिल्म की कहानी एक ऐसे सनसनीखेज अपराध के इर्द-गिर्द घूमती है, जो समाज में अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं पैदा करता है और कानून व न्याय से जुड़े कई सवाल खड़े करता है।
फिल्म में पृथ्वीराज सुकुमारन एक पुलिस इंस्पेक्टर की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि करीना कपूर खान एक मजबूत और रहस्यमयी किरदार में नजर आएंगी। फिल्म की कहानी यश केसवानी, सीमा अग्रवाल और मेघना गुलजार ने मिलकर लिखी है।
‘दायरा’ मेघना गुलजार और जंगली पिक्चर्स की तीसरी फिल्म है। इससे पहले दोनों ‘तलवार’ और ‘राज़ी’ जैसी सराही गई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। दर्शकों को उम्मीद है कि यह फिल्म भी एक दमदार और सोचने पर मजबूर करने वाली कहानी लेकर आएगी।




