नया इतिहास: 10 जून को देश के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित PM बनेंगे Narendra Modi
PM Narendra Modi देश के लोकतांत्रिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ ही वह स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के छह दशक पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे।
नेहरू और इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड टूटेगा
PM मोदी ने पहली बार 26 मई, 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। आगामी 10 जून को वह कार्यालय में लगातार 4,399 दिन पूरे कर लेंगे।
यह कार्यकाल पंडित नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड से एक दिन अधिक होगा। नेहरू का यह कार्यकाल 13 मई, 1952 (पहले आम चुनाव के बाद) से शुरू होकर 27 मई, 1964 को उनके निधन तक चला था। इससे पहले 25 जुलाई, 2025 को पीएम मोदी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 4,077 दिनों के निर्बाध कार्यकाल के रिकॉर्ड को भी पार कर चुके हैं।
बदलते भारत की बदलती राजनीतिक तस्वीर
नेहरू और मोदी के दौर में देश की लोकतांत्रिक प्रणाली और बुनियादी ढांचे में व्यापक बदलाव आया है, जैसा कि
1. जनसंख्या और मतदाता: नेहरू के समय देश की आबादी लगभग 34 करोड़ थी, जो आज बढ़कर 146 करोड़ से अधिक हो चुकी है। वहीं मतदाताओं की संख्या 17 करोड़ (1951-52) से बढ़कर 2014 में ही 83 करोड़ से पार हो गई थी।
2. राजनीतिक प्रतिस्पर्धा: 1951-52 के पहले चुनाव में जहां सिर्फ 53 दलों ने हिस्सा लिया था, वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में रिकॉर्ड 744 राजनीतिक दलों ने भाग लिया। पीएम मोदी नेहरू के बाद पहले ऐसे नेता हैं जिन्होंने लगातार तीन बार चुनाव जीतकर सरकार बनाई है।
3. संस्थागत विकास (2014 से 2026): इस कार्यकाल के दौरान उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। देश में आईआईटी (IITs) की संख्या 16 से बढ़कर 23, आईआईएम (IIMs) 13 से बढ़कर 21 और एम्स (AIIMS) संस्थानों की संख्या 7 से बढ़कर 23 हो गई है।
यह ऐतिहासिक मील का पत्थर PM मोदी के राजनीतिक जीवन की लंबी फेहरिस्त में एक और बड़ा रिकॉर्ड जोड़ देगा। इससे पहले वह गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में कुल मिलाकर 8,930 से अधिक दिन पूरे कर भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित शासनाध्यक्ष भी बन चुके हैं।





