स्मृति ईरानी की छोटे पर्दे पर धमाकेदार वापसी, फिर निभाएंगी ‘तुलसी’ का आइकॉनिक किरदार

भारतीय टेलीविजन की सबसे चर्चित धारावाहिकों में से एक ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ एक बार फिर पर्दे पर लौट रहा है। शो के दूसरे सीज़न की शूटिंग 4 जुलाई से शुरू हो गई है और इसकी पहली झलक सामने आ चुकी है। खास बात यह है कि शो में एक बार फिर स्मृति ईरानी तुलसी विरानी के प्रतिष्ठित किरदार में नजर आएंगी।
स्मृति ईरानी ने इस वापसी पर कहा, “‘क्योंकि’ सिर्फ एक शो नहीं है, यह एक साझा स्मृति है… यह आज भी हमारे दिलों में जिंदा है। मैं उन सभी का धन्यवाद करती हूं जिन्होंने इस यात्रा को संभव बनाया।” स्मृति के साथ अभिनेता अमर उपाध्याय भी शो में वापसी कर रहे हैं। वह फिर से ‘मिहिर’ की भूमिका निभाते नजर आएंगे। सेट से उनकी पहली तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें वह फॉर्मल लुक में नजर आ रहे हैं। अमर ने कहा, “पहला दिन, पहला सीन हुआ और सारी पुरानी यादें ताजा हो गईं।”
गौरतलब है कि स्मृति ईरानी ने पिछले कई सालों से राजनीति में सक्रिय रहते हुए अभिनय से दूरी बना ली थी। ऐसे में उनका एक बार फिर टेलीविजन पर लौटना दर्शकों के लिए एक भावनात्मक क्षण बन गया है। बताया जा रहा है कि शो का नया सीज़न भी पारिवारिक भावनाओं और रिश्तों की उसी मजबूत डोर को आगे बढ़ाएगा, जिसने पहले सीज़न को घर-घर में लोकप्रिय बना दिया था। तुलसी और मिहिर की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों को उस दौर की याद दिलाएगी, जब यह शो भारतीय टेलीविजन का चेहरा बन गया था।
शो के निर्माता इसे एक ऐसी प्रस्तुति बनाना चाहते हैं, जो पुरानी पीढ़ी की यादों को ताजा करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भी इस क्लासिक कहानी से जोड़ सके। आधुनिक तकनीक, अनुभवी कलाकार और एक भावनात्मक कहानी के साथ ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी – सीजन 2’ भारतीय टेलीविजन पर एक बार फिर इतिहास रचने की तैयारी में है।





