हिमाचल में बड़ा हादसा: लाहौल-स्पीति में पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आई टैक्सी, 13 लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। उदयपुर क्षेत्र के कडू नाला के पास पहाड़ी से भारी पत्थर और मलबा गिरने से एक टाटा सूमो उसकी चपेट में आ गई। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, टाटा सूमो कुल्लू से पांगी जा रही थी। तभी कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा टूटकर वाहन पर गिर गया। हादसे के बाद वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। लाहौल-स्पीति की पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि हादसे के समय वाहन में पांगी के निवासी सवार थे। नेटवर्क की समस्या के कारण शुरुआती जानकारी जुटाने में दिक्कत हुई, लेकिन दोनों जिलों की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गईं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने लाहौल-स्पीति के उपायुक्त को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को बेहतर इलाज और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने को कहा है।
वहीं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।





