पीएम मोदी के वीडियो का सोशल मीडिया पर असर, 24 घंटे में इंस्टाग्राम पर जुड़े 10 लाख नए फॉलोअर्स

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सोशल मीडिया पर प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार देर रात जारी किए गए उनके वीडियो संदेश के बाद सिर्फ 24 घंटे में उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 10 लाख (1 मिलियन) नए फॉलोअर्स जुड़ गए।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी इंस्टाग्राम पर 10 करोड़ (100 मिलियन) फॉलोअर्स का आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के पहले और एकमात्र राजनेता हैं। उनका नया वीडियो देश और विदेश में तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें फॉलो किया।
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने अपने वीडियो संदेश में देश के युवाओं और छात्रों को संबोधित किया था। उन्होंने कहा कि पेपर लीक कोई छोटा मुद्दा नहीं है और सरकार इस पर सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पेपर लीक से जुड़े नए कानून का मसौदा तैयार कर लिया गया है और इसे कैबिनेट की बैठक में रखा जाएगा।
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले ढाई महीनों में पेपर लीक के मामलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और वे जेल में हैं। सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता यह थी कि छात्रों का एक साल खराब न हो, इसलिए कम समय में करीब 22 लाख छात्रों की परीक्षा कराई गई और समय पर परिणाम भी घोषित किए गए।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार केवल परीक्षा कराने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कानून को और मजबूत बनाया जाएगा। कैबिनेट की मंजूरी के बाद इस विधेयक को जल्द संसद में पेश कर पारित कराने की कोशिश की जाएगी।





