NEET पेपर लीक विवाद के बीच NTA में बड़ा एक्शन, 47 अधिकारियों को हटाया गया

नीट यूजी 2026 पेपर लीक विवाद के बीच राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) में बड़ा बदलाव शुरू हो गया है। केंद्र सरकार ने एजेंसी के 47 अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवा से हटा दिया है। सूत्रों के मुताबिक, हटाए गए लोगों में कई संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) कर्मचारी भी शामिल हैं। कुछ अधिकारियों के खिलाफ कानूनी और आपराधिक कार्रवाई की भी तैयारी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि एनटीए में सुधार की पूरी प्रक्रिया अगले एक महीने में पूरी की जाएगी। यह बदलाव विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर किए जा रहे हैं। सरकार एजेंसी की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर रही है ताकि कमियों को दूर किया जा सके और परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाया जा सके।
इससे पहले शिक्षा मंत्रालय ने संसद में बताया था कि एनटीए में स्वीकृत 39 स्थायी पदों के मुकाबले केवल 24 स्थायी कर्मचारी कार्यरत हैं। इसके अलावा एजेंसी में 73 संविदा कर्मचारी और 124 आउटसोर्स कर्मचारी काम कर रहे हैं।
वहीं, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के बीच सरकार ने साफ किया है कि वह नीट पेपर लीक विवाद को लेकर अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगे।





