आर माधवन को मिला पद्म श्री, फैंस और परिवार के साथ साझा की खुशी

अभिनेता आर माधवन को देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों में से एक पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे।
आर माधवन को साउथ और हिंदी सिनेमा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया है। पुरस्कार मिलने के बाद अभिनेता ने भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे अपने जीवन का बेहद खास पल बताया। समारोह के दौरान माधवन का परिवार भी मौजूद था। बाद में उनकी पत्नी सरिता बिरजे ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें साझा कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने लिखा कि माधवन की मेहनत, लगन और कला ने लाखों लोगों का दिल जीता है और उन्हें उन पर हमेशा गर्व रहेगा।
View this post on Instagram
वहीं, आर माधवन ने भी सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि पद्म श्री सम्मान पाकर उन्हें बेहद खुशी और गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने भारत सरकार और महाराष्ट्र सरकार का धन्यवाद किया, जिन्होंने उनके नाम की सिफारिश की।
View this post on Instagram
माधवन ने अपने प्रशंसकों का भी आभार जताते हुए कहा कि दर्शकों के प्यार और समर्थन की बदौलत ही वह इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का है जिन्होंने वर्षों से उनकी फिल्मों और अभिनय को सराहा है।
आर माधवन लंबे समय से भारतीय सिनेमा का अहम हिस्सा रहे हैं और अपनी शानदार अदाकारी से दर्शकों के बीच खास पहचान बना चुके हैं।





