मुंबई में बारिश का कहर, IMD का रेड अलर्ट; कई राज्यों में मौसम बिगड़ा

मुंबई में बुधवार सुबह से तेज बारिश का दौर जारी रहा। लगातार बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई और पालघर के लिए पहले रेड अलर्ट जारी किया था। विभाग ने गरज-चमक, तेज से बहुत तेज बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी थी। बाद में स्थिति में कुछ सुधार होने पर अलर्ट को ऑरेंज कर दिया गया।
मौसम विभाग के अनुसार मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर और सिंधुदुर्ग में मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। हालांकि भारी बारिश के बावजूद शहर के प्रमुख सबवे खुले रहे और यातायात पर ज्यादा असर नहीं पड़ा।
मुंबई में दक्षिण-पश्चिम मानसून मंगलवार को पहुंचा, जो सामान्य तिथि 10 जून की तुलना में 13 दिन देरी से आया है। मानसून के आगमन से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने बताया कि मानसून महाराष्ट्र के अलावा तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कई हिस्सों में भी आगे बढ़ चुका है।
वहीं, पश्चिम बंगाल में भी खराब मौसम का असर देखने को मिला। कई इलाकों में तेज बारिश और आंधी के कारण जलभराव, पेड़ गिरने और यातायात बाधित होने की घटनाएं सामने आईं। मुर्शिदाबाद जिले के धूलियान क्षेत्र में गंगा नदी पार कर रही एक नाव पर आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। कोलकाता में भी बारिश और तेज हवाओं के कारण कई जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही।
दूसरी ओर, दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार रात और बुधवार सुबह तेज धूल भरी आंधी चली। कई इलाकों में हवाओं की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिसके चलते मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया। विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की भी संभावना जताई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के उत्तर भारत की ओर बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में ऐसे मौसम बदलाव और तेज आंधी-बारिश की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। फिलहाल कई क्षेत्रों में हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।




