विक्रम भट्ट ने किया ‘1920: कोल्ड विंटर’ का ऐलान, लौटेगा डर का नया अध्याय

फिल्म निर्देशक विक्रम भट्ट एक बार फिर दर्शकों को डराने के लिए तैयार हैं। उनकी हालिया फिल्म ‘Haunted 3D: Echoes of the Past’ की सफलता के बाद अब उन्होंने लोकप्रिय हॉरर फ्रेंचाइजी ‘1920’ की नई फिल्म ‘1920: Cold Winter’ का ऐलान कर दिया है।
फिल्म निर्माता आनंद पंडित ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पहला पोस्टर साझा करते हुए इस प्रोजेक्ट की घोषणा की। पोस्टर में एक डरावनी हवेली, तूफानी मौसम, घोड़ागाड़ी और खिड़की के पीछे दिखाई देती एक रहस्यमयी आकृति नजर आ रही है। पोस्टर पर लिखा टैगलाइन भी लोगों का ध्यान खींच रही है – “मासूमों से सावधान रहें, उनके भीतर सबसे खतरनाक बुराई छिपी हो सकती है।”
View this post on Instagram
यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब ‘Haunted 3D: Echoes of the Past’ ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। फिल्म की सफलता ने एक बार फिर विक्रम भट्ट की हॉरर फिल्मों में मजबूत पकड़ को साबित किया है।
साल 2008 में शुरू हुई ‘1920’ फ्रेंचाइजी भारतीय हॉरर फिल्मों की सबसे लोकप्रिय श्रृंखलाओं में से एक मानी जाती है। इस सीरीज की फिल्मों ने अपने डरावने माहौल, रहस्यमयी कहानियों और अलौकिक घटनाओं के जरिए दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है।
निर्माताओं का दावा है कि ‘1920: Cold Winter’ फ्रेंचाइजी की अब तक की सबसे ज्यादा रहस्यमयी और डरावनी फिल्मों में से एक होगी। फिल्म को 3D फॉर्मेट में रिलीज करने की योजना है, जिससे दर्शकों को और रोमांचक अनुभव मिल सके।
फिलहाल फिल्म की स्टार कास्ट और रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया गया है। हालांकि पहले पोस्टर के सामने आने के बाद हॉरर फिल्मों के प्रशंसकों के बीच उत्सुकता काफी बढ़ गई है।





