पुष्पा 2 शो भगदड़ केस: अदालत ने सुनवाई टाली, आरोपियों की अनुपस्थिति बनी वजह

हैदराबाद: तेलंगाना के हैदराबाद स्थित नामपल्ली क्रिमिनल कोर्ट ने सोमवार को संध्या थिएटर भगदड़ मामले की सुनवाई 6 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी। इस मामले में अभिनेता अल्लू अर्जुन भी आरोपियों में शामिल हैं। सुनवाई इसलिए टालनी पड़ी क्योंकि मामले के कुछ आरोपी अदालत में पेश नहीं हुए। अल्लू अर्जुन भी वर्चुअली कोर्ट में उपस्थित नहीं हुए। उनके वकील ने उनकी ओर से अनुपस्थिति याचिका दाखिल की।
संध्या थिएटर प्रबंधन की ओर से पेश हुए अधिवक्ता भानु चंदर ने बताया कि आज मजिस्ट्रेट के सामने कमिटल बॉन्ड दाखिल करने की प्रक्रिया थी, लेकिन आरोपियों में से एक-दो लोगों की अनुपस्थिति के कारण सुनवाई आगे नहीं बढ़ सकी। अब मामले की अगली सुनवाई 6 जुलाई को होगी, जिसमें सभी 23 आरोपियों को एक साथ अदालत में पेश होना होगा।
चिक्कड़पल्ली पुलिस ने अल्लू अर्जुन को इस मामले में 11वां आरोपी बनाया है, जबकि संध्या थिएटर प्रबंधन को आरोपी नंबर 1 से 10 तक सूचीबद्ध किया गया है। पुलिस इस मामले में 23 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।
गौरतलब है कि 4 दिसंबर 2024 को हैदराबाद के संध्या थिएटर में फिल्म ‘पुष्पा 2’ के विशेष शो के दौरान भगदड़ मच गई थी। बड़ी संख्या में लोग अल्लू अर्जुन की एक झलक पाने के लिए थिएटर के बाहर जमा हो गए थे। इस हादसे में रेवती नामक महिला की मौत हो गई थी, जबकि उनका बेटा श्री तेजा गंभीर रूप से घायल हो गया था।
घटना के बाद अल्लू अर्जुन के परिवार ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए आर्थिक सहायता भी दी थी। अभिनेता के पिता और फिल्म निर्माता अल्लू अरविंद ने रेवती के परिवार को 2 करोड़ रुपये की सहायता देने की घोषणा की थी।





