ताज़ा खबरेंविदेश

Vietnam Boat Accident: 15 भारतीयों की मौत मामले में स्पीडबोट का कप्तान गिरफ्तार, वियतनाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Vietnam Boat Accident: वियतनाम के फू क्वोक (Phu Quoc) द्वीप के पास स्पीडबोट हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत के मामले में स्थानीय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान स्पीडबोट के 57 वर्षीय कप्तान को गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर समुद्री सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का आरोप है। हालांकि शुरुआती जांच में अधिकारियों ने हादसे की एक बड़ी वजह अचानक बदला खराब मौसम भी बताई है।

15 भारतीयों की गई जान

यह दर्दनाक हादसा शनिवार को उस समय हुआ जब स्पीडबोट 32 भारतीय पर्यटकों, तीन वियतनामी क्रू मेंबर और एक टूर गाइड को लेकर मे रुट नगोआई (May Rut Ngoai) द्वीप के पास घूमने जा रही थी। इसी दौरान खराब मौसम और ऊंची लहरों के बीच नाव पलट गई।

हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।

कप्तान गिरफ्तार

दक्षिणी एन जियांग (An Giang) प्रांत की पुलिस ने स्पीडबोट के कप्तान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का आरोप है कि उसने समुद्री सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।

प्रत्यक्षदर्शी ने सुनाई आपबीती

प्रत्यक्षदर्शी हा वान लोक ने बताया कि जब वह घटनास्थल पर पहुंचे तो नाव पूरी तरह पलट चुकी थी। कई लोग नाव के ढांचे को पकड़कर अपनी जान बचाने की कोशिश कर रहे थे, जबकि कुछ लोग बिना लाइफ जैकेट के समुद्र में बह रहे थे।

उन्होंने और उनकी टीम ने लाइफ बॉय और रस्सियों की मदद से कई लोगों को बाहर निकाला तथा बाद में जेट स्की के जरिए घायलों को किनारे पहुंचाया।

भारतीय दूतावास ने दी जानकारी

वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, 15 घायल यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और उन्हें भारत वापस भेजा जा रहा है। वहीं एक यात्री की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज फू क्वोक के अस्पताल में जारी है।

दूतावास ने यह भी कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीयों के शवों को भी भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पर्यटन सेवाओं पर असर

हादसे के बाद कई पर्यटन कंपनियों ने May Rut Ngoai द्वीप के लिए स्पीडबोट सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी हैं। यह इलाका अपनी खूबसूरत समुद्री तटों और डाइविंग गतिविधियों के लिए दुनिया भर के पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय माना जाता है।

वियतनामी प्रशासन का कहना है कि हादसे के सभी कारणों की जांच की जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए समुद्री सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की जाएगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button