दिल्ली होटल आग हादसे में बड़ा खुलासा, रसोइए की कथित लापरवाही पर कार्रवाई

नई दिल्ली: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टेज़ होटल में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में पुलिस ने होटल के एक रसोइए को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में रसोइए की कथित लापरवाही आग लगने की वजह के रूप में सामने आई है। मामले में कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बुधवार तड़के हुए इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 17 विदेशी नागरिक भी शामिल थे। कई अन्य लोग घायल हुए थे, जिनका इलाज जारी है। जांच के दौरान होटल में कई गंभीर सुरक्षा खामियां सामने आई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इमारत की खिड़कियां और कांच पूरी तरह बंद थे, जिससे आग लगने के बाद धुआं बाहर नहीं निकल सका और अंदर फंसे लोगों की स्थिति और गंभीर हो गई।
इसके अलावा, बेसमेंट का दरवाजा अंदर से बंद पाया गया। इससे बचाव कार्य में देरी हुई और राहत टीमों को अंदर पहुंचने में करीब 10 मिनट का समय लग गया। बाद में बेसमेंट से 6 से 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अधिकारियों का कहना है कि होटल में अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि सुरक्षा मानकों में कमी के कारण मृतकों की संख्या अधिक रही।
वहीं, हादसे में घायल 15 लोगों का इलाज साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में चल रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, वेंटिलेटर पर मौजूद सभी मरीजों की हालत स्थिर है और उनमें सुधार देखा जा रहा है। अन्य नौ मरीज आईसीयू और सामान्य वार्ड में भर्ती हैं, जिनकी स्थिति भी फिलहाल स्थिर बताई गई है।
इस मामले में होटल के मालिक लवकेश बजाज, स्वीटी सरकार और पुष्पो सरकार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल कर दी है।
होटल मालिक लवकेश बजाज को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिनमें गैर-इरादतन हत्या, लोगों की जान को खतरे में डालना और आग से जुड़ी लापरवाही जैसे आरोप शामिल हैं।





