NEET-UG 2026 पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर CJP का बड़ा प्रदर्शन

नई दिल्ली: NEET-UG 2026 पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों के विरोध में शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में लोग जुटे। यह प्रदर्शन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों, अभिभावकों और युवा पेशेवरों ने हिस्सा लिया।
प्रदर्शन का नेतृत्व CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने किया, जो इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अमेरिका के बोस्टन से दिल्ली पहुंचे। दिल्ली पहुंचने पर उनके हाथ में डॉ. भीमराव आंबेडकर की पुस्तक भी देखी गई। दिपके ने कहा कि उनका आंदोलन संविधान के मूल्यों पर आधारित है और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करता है।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
कई प्रदर्शनकारी कॉकरोच मास्क पहनकर पहुंचे और हाथों में फूल लेकर आंदोलन में शामिल हुए। इसे संगठन ने अपने आंदोलन का प्रतीक बताया। CJP ने इससे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी थी कि दिल्ली पुलिस से अनुमति मिलने के बाद यह प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। संगठन का कहना है कि उसका उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को मजबूत करना है।
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदर्शन की अनुमति दी थी। पुलिस के अनुसार यह अनुमति सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के तहत एक बार की विशेष छूट के रूप में दी गई।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर देशभर में विवाद बढ़ा है। पेपर लीक और प्रशासनिक लापरवाही के आरोपों के बाद परीक्षा को 21 जून तक के लिए पुनर्निर्धारित किया गया था।
मामले की जांच फिलहाल केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) कर रही है। जांच के दौरान कई गिरफ्तारियां भी की जा चुकी हैं। वहीं, देश के विभिन्न हिस्सों में छात्र संगठनों द्वारा लगातार प्रदर्शन किए जा रहे हैं और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई जा रही है।





