मौसम

घने कोहरे की चादर में लिपटी दिल्ली, मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट

सोमवार सुबह राजधानी दिल्ली घने कोहरे की चादर में ढकी रही, जिससे कई इलाकों में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। कोहरे की वजह से सड़कों पर दृश्यता कम रही। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है।

सुबह के समय कोहरे के बाद दोपहर में धूप तो निकली, लेकिन पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण ठंड से राहत नहीं मिली। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा है। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 100 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 55 प्रतिशत दर्ज की गई।

राजधानी के विभिन्न इलाकों में न्यूनतम तापमान में भी अंतर देखने को मिला। रिज क्षेत्र में तापमान 9.1 डिग्री, आया नगर में 10.1 डिग्री, लोधी रोड में 9 डिग्री और पालम में 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दिन न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन अधिकतम तापमान बढ़कर 22 से 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि नए साल पर दिल्ली का मौसम फिर खराब हो सकता है। हिमालयी क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके असर से 31 दिसंबर को बादल छाए रहेंगे और 1 जनवरी को हल्की बारिश होने की संभावना है। विभाग के अनुसार, 31 दिसंबर तक राजधानी में घना कोहरा छाया रह सकता है।

इस दौरान अधिकतम तापमान गिरकर 20 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है, जिससे ठंड का अहसास बढ़ेगा। गुरुवार को हल्की बारिश की संभावना है, जब अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

शुक्रवार को हल्के बादल छाए रहेंगे और तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है। अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री और न्यूनतम 8 से 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार से मौसम साफ होने की उम्मीद है और तापमान धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button