मालवीय नगर होटल हादसा: मालिक गिरफ्तार, मैनेजर की तलाश में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुए भीषण अग्निकांड की जांच तेज हो गई है। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई थी। अब दिल्ली पुलिस होटल के मैनेजर और संचालन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। बुधवार को हुए इस दर्दनाक हादसे में 12 विदेशी नागरिकों और 9 भारतीयों समेत कुल 21 लोगों की जान चली गई थी। आग एक बहुमंजिला इमारत में चल रहे बेड एंड ब्रेकफास्ट (बीएंडबी) होटल में लगी थी।
पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें गैर-इरादतन हत्या, आग लगने से नुकसान पहुंचाना, संपत्ति को क्षति पहुंचाना, लोगों की जान को खतरे में डालना और ज्वलनशील सामग्री के इस्तेमाल में लापरवाही जैसी धाराएं शामिल हैं।
पूछताछ के दौरान लवकेश बजाज ने पुलिस को बताया कि वह होटल का रोजमर्रा का संचालन नहीं देखते थे। उनके अनुसार होटल की देखरेख, बिलिंग, अकाउंट्स और अन्य प्रशासनिक काम एक मैनेजर संभालता था। उन्होंने यह भी बताया कि होटल में कमरों का विस्तार और अन्य निर्माण संबंधी बदलाव कुछ लोगों की सलाह पर किए गए थे। उन्हें बताया गया था कि इस तरह के बदलाव आम तौर पर किए जाते हैं।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि होटल के पास वैध फायर एनओसी (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) नहीं था। अब पुलिस और अन्य एजेंसियां इसी पहलू की गहन जांच कर रही हैं। दिल्ली पुलिस की टीमें होटल मैनेजर और अन्य संबंधित लोगों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। साथ ही बिजली विभाग और अन्य सरकारी एजेंसियों के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इमारत में किए गए निर्माण कार्यों के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं।
इसके अलावा जांच एजेंसियां आरोपी से जुड़ी अन्य संपत्तियों और उनके प्रबंधन से संबंधित जानकारी भी जुटा रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





