राम चरण और उपासना ने किया दूसरी प्रेग्नेंसी का ऐलान, दिवाली पर मनाया बेबी शॉवर

सुपरस्टार चिरंजीवी के घर खुशियों की डबल एंट्री होने वाली है। उनके बेटे राम चरण और बहू उपासना कोनिडेला अपने दूसरे बच्चे के आने की तैयारी कर रहे हैं। कपल ने दिवाली के मौके पर सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो शेयर कर यह खुशखबरी दी। परिवार ने इसी दौरान उपासना का बेबी शॉवर भी धूमधाम से मनाया। राम चरण और उपासना ने इंस्टाग्राम पर लिखा— “इस दिवाली खुशियां दोगुनी थीं, प्यार दोगुना था और आशीर्वाद भी दोगुने मिले।”
वीडियो में उपासना नीले रंग के सलवार सूट में नजर आ रहीं थीं। परिवार की महिलाओं ने तिलक कर, उपहार देकर और आशीर्वाद देकर उन्हें बेहद प्यार से सम्मानित किया। उनके पति राम चरण और बेटी क्लिन कारा पूरे समय उनके साथ थे। इस रस्म में चिरंजीवी और उनकी पत्नी सुरेखा भी मौजूद थे। साथ ही साउथ स्टार नागार्जुन और उनका परिवार, और उपासना के माता-पिता भी कार्यक्रम में शामिल रहे। वीडियो के अंत में लिखा था — “Celebrating new beginnings”.
View this post on Instagram
घोषणा होते ही कमेंट सेक्शन में फैंस और फिल्मी सितारों ने बधाइयों की बौछार कर दी। एक्ट्रेस काजल अग्रवाल ने लिखा — “मॉम, पापा और बिग सिस कारा को ढेर सारी शुभकामनाएं।” फिल्ममेकर गुनीत मोंगा और मंचू लक्ष्मी ने भी दिल से बधाई दी। एक फैन ने लिखा — “चरण सर बहुत भाग्यशाली हैं कि उन्हें उपासना जैसी सरल और समझदार पत्नी मिली।” किसी ने अंदाजा लगाया — “वीडियो देखकर लग रहा है कि इस बार ट्विन्स आने वाले हैं!”
राम चरण और उपासना की शादी 14 जून 2012 को हैदराबाद में पारंपरिक रीति से हुई थी। 2023 में दोनों ने अपनी पहली बेटी क्लिन कारा का स्वागत किया था — जिसका चेहरा अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। अब उनके परिवार में एक और नन्हा मेहमान आने वाला है — और फैंस बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।





