बिहार चुनाव 2025: मोहनिया में राजद मजबूत, रवि पासवान को मिला पार्टी का समर्थन

बिहार विधानसभा चुनाव अब करीब हैं और सभी राजनीतिक दल जीत की कोशिश में लगे हुए हैं। इसी बीच कैमूर जिले की मोहनिया सीट से आरजेडी उम्मीदवार श्वेता सुमन का नामांकन रद्द हो गया था, जिससे सियासी गलियारों में हलचल मच गई थी। हालांकि अब आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने इस सीट पर मास्टरस्ट्रोक खेलते हुए निर्दलीय उम्मीदवार रवि पासवान का समर्थन कर दिया है। पार्टी ने इसकी आधिकारिक घोषणा भी कर दी है।
महागठबंधन के साथियों से चर्चा के बाद राष्ट्रीय जनता दल ने मोहनिया विधानसभा क्षेत्र में निर्दलीय प्रत्याशी श्री रवि पासवान जी (सुपुत्र श्री छेदी पासवान जी) को समर्थन दिया।
20 साल से राज्य में व्याप्त बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अपराध, महँगाई, पलायन और गरीबी के विरुद्ध लड़ाई से बड़ा… pic.twitter.com/gdbYiDbSAm
— Rashtriya Janata Dal (@RJDforIndia) October 22, 2025
रवि पासवान पूर्व सांसद छेदी पासवान के बेटे हैं। छेदी पासवान का अपने क्षेत्र में बहुत सम्मान है और दलित समाज में उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है। रवि पासवान ने मोहनिया सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया था। अब आरजेडी ने उन्हें समर्थन देकर अपनी स्थिति मजबूत कर दी है। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि तेजस्वी यादव का यह कदम आरजेडी के लिए लाभकारी साबित होगा। पहले जो छेदी पासवान के समर्थक नाराज थे, वे अब संतुष्ट होंगे। साथ ही मोहनिया सीट पर दलित वोट बंटने का डर खत्म हो गया है, जिससे आरजेडी को सीधे फायदा मिलेगा।
अगर रवि पासवान निर्दलीय चुनाव लड़ते, तो यह आरजेडी के लिए नुकसानदायक हो सकता था। लेकिन अब उनका समर्थन मिलने से राजद पहले से ज्यादा मजबूत स्थिति में है। नामांकन की आखिरी तारीख 20 अक्टूबर थी, इसलिए अब कोई सिंबल बदलना संभव नहीं है। रवि पासवान चुनाव आयोग में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पंजीकृत हैं और इसी पद पर चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, ईवीएम में उनका नाम निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नीचे दिखेगा।
बीते दिन श्वेता सुमन का नामांकन चुनाव आयोग ने रद्द कर दिया। बीजेपी ने शिकायत की थी कि श्वेता सुमन बिहार की मूल निवासी नहीं हैं और वह उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं। आयोग ने इस शिकायत की जांच के बाद उनका नामांकन रद्द कर दिया।





