मनोरंजन

‘3 इडियट्स’ सोनम वांगचुक की कहानी पर आधारित नहीं, आमिर खान ने किया बड़ा खुलासा

नई दिल्ली: अभिनेता आमिर खान ने साफ किया है कि उनकी सुपरहिट फिल्म ‘3 इडियट्स’ का मशहूर किरदार फुंसुख वांगड़ू सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक से प्रेरित नहीं था। उन्होंने कहा कि फिल्म बनाते समय न तो वह, न निर्देशक राजकुमार हिरानी और न ही लेखक अभिजात जोशी, सोनम वांगचुक को जानते थे।

लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में ‘लगान’ की विशेष स्क्रीनिंग के दौरान बातचीत में आमिर ने कहा, “यह सच नहीं है। यह सिर्फ एक गलतफहमी है। हमने ‘3 इडियट्स’ बनाते समय सोनम वांगचुक के बारे में नहीं सुना था। हाल ही में मैंने एक वीडियो देखा, जिसमें चतुर का किरदार निभाने वाले ओमी वैद्य ने ऐसा कहा, लेकिन यह सही नहीं है।”

हालांकि, आमिर ने सोनम वांगचुक के काम की तारीफ करते हुए कहा कि वे समाज के लिए अच्छा काम कर रहे हैं और उनके काम का सम्मान किसी फिल्मी किरदार से जुड़ा होने पर निर्भर नहीं करता।

सोनम वांगचुक के जंतर-मंतर पर जारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को लेकर आमिर ने चिंता जताई। उन्होंने कहा, “हम सभी उनकी सेहत और जिंदगी को लेकर चिंतित हैं। हमारी उम्मीद है कि उनकी भूख हड़ताल जल्द खत्म हो और सब कुछ अच्छे से हो।”

आमिर का यह बयान ऐसे समय आया है, जब कुछ दिन पहले ‘3 इडियट्स’ में चतुर रामालिंगम का किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर दावा किया था कि फुंसुख वांगड़ू का किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित था। उन्होंने लोगों से वांगचुक के आंदोलन और उनकी बिगड़ती सेहत पर ध्यान देने की भी अपील की थी।

आमिर खान के इस बयान के बाद ‘3 इडियट्स’ और सोनम वांगचुक के बीच संबंध को लेकर वर्षों से चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सोनम वांगचुक का योगदान अपने आप में महत्वपूर्ण है और उनके काम का सम्मान किया जाना चाहिए।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button