NEET प्रदर्शन के बीच अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान की लंबी बैठक, CJP ने दोहराई इस्तीफे की मांग

नई दिल्ली: कथित NEET परीक्षा पेपर लीक को लेकर जारी Cockroach Janata Party (CJP) के विरोध प्रदर्शन के बीच सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के बीच करीब चार घंटे तक बैठक हुई। हालांकि, बैठक में क्या चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई।
इसी बीच CJP के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की और अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे या उन्हें पद से हटाने की मांग भी दोहराई।
CJP नेता सौरव दास ने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्होंने और आशुतोष रांका ने जेपी नड्डा से मुलाकात कर सभी मांगें रखीं। उनका कहना है कि नड्डा ने इन मांगों पर उचित स्तर पर चर्चा का भरोसा दिया, लेकिन फिलहाल कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, प्रदर्शन जारी रहेगा।
वहीं, जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत सकारात्मक माहौल में हुई। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने लिखित ज्ञापन भी सौंपा है। नड्डा ने प्रदर्शनकारियों से धरना समाप्त करने और सामान्य स्थिति बहाल करने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने CJP नेता सौरव दास के उन आरोपों को खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया गया था कि प्रदर्शन के दौरान एक 12 वर्षीय बच्ची के साथ मारपीट हुई और 40 से 50 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। दिल्ली पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे ये दावे गलत और भ्रामक हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की कि बिना पुष्टि के ऐसी अफवाहों को साझा न करें।





