मनोरंजन

‘साम्राज्य’ में विजय देवरकोंडा ने निभाया जासूस का रोल, एक्शन से भरपूर है ट्रेलर

साउथ सुपरस्टार विजय देवरकोंडा की अपकमिंग एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘साम्राज्य’ का ट्रेलर हाल ही में रिलीज कर दिया गया है। इस फिल्म में विजय एक अंडरकवर जासूस की भूमिका निभा रहे हैं, जो अपने भाई के लिए खतरनाक मिशन पर निकलता है। तेलुगु में बनी इस फिल्म का हिंदी संस्करण ‘साम्राज्य’ के नाम से सिनेमाघरों में उतारा जाएगा।

ट्रेलर की शुरुआत एक रहस्यमयी आवाज से होती है, जिसमें कहा जाता है — “तुझे एक इमरजेंसी ऑपरेशन के लिए अंडरकवर जासूस बनना पड़ेगा।” इसके बाद विजय देवरकोंडा को हथकड़ी लगाए हुए पुलिस वैन में दिखाया जाता है। कहानी में एक मोड़ आता है, जब उन्हें पुलिस की वर्दी में देखा जाता है और उन्हें अपना घर, मां और काम छोड़ने की चुनौती दी जाती है।

आवाज आगे बताती है कि मिशन जितना जरूरी है, उतना ही खतरनाक भी। विजय एक ऐसी जगह जाते हैं, जहां गोलियों और धमाकों की आवाज गूंजती है। ट्रेलर के कई दृश्यों में उन्हें संघर्ष करते, घायल होते और दुश्मनों से भिड़ते देखा जा सकता है।

विजय देवरकोंडा का डायलॉग — “जरूरत पड़ी तो सब कुछ जला कर रख दूंगा” — ट्रेलर का हाई पॉइंट है। इसके बाद उन्हें गुस्से में दुश्मनों से भिड़ते देखा जा सकता है। कभी हाथों से तो कभी हथियारों से वह दुश्मनों की धज्जियां उड़ाते हैं। एक और डायलॉग ट्रेलर में खासा ध्यान खींचता है — “इस मिट्टी में ही कुछ खराबी है, यहां रहने वाला हर इंसान राक्षस बन जाता है… और अब वह राक्षसों का राजा बन गया है।”

फिल्म ‘साम्राज्य’ में विजय देवरकोंडा के साथ भाग्यश्री बोरसे और सत्य देव भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन सीथारा एंटरटेनमेंट्स और फॉर्च्यून फोर सिनेमाज ने मिलकर किया है, जबकि संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है। यह फिल्म 31 जुलाई 2025 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर को देखने के बाद साफ है कि फिल्म में हाई-ऑक्टेन एक्शन, इमोशन और देशभक्ति का जबरदस्त मिश्रण होगा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button