आधार ऐप ने पार किया 4 करोड़ डाउनलोड का आंकड़ा, डिजिटल सेवाओं पर बढ़ा भरोसा

नई दिल्ली: आधार ऐप को देशभर में लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के अनुसार, आधार ऐप के डाउनलोड की संख्या 4 करोड़ (40 मिलियन) से अधिक हो गई है।
सरकार ने बताया कि यह ऐप अब सिर्फ आधार देखने तक सीमित नहीं है। इसके जरिए लोग घर बैठे पता, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी अपडेट कर सकते हैं। इसके अलावा ई-आधार डाउनलोड करने और बायोमेट्रिक लॉक/अनलॉक जैसी सुविधाओं का भी लाभ उठा सकते हैं।
ऐप लॉन्च होने के बाद अब तक 11.65 लाख लोगों ने इसी के जरिए अपना पता अपडेट किया है। वहीं, 1 जुलाई से ईमेल अपडेट की सुविधा शुरू होने के बाद करीब 12.5 लाख लोगों ने अपनी ईमेल आईडी जोड़ी या अपडेट की है। सरकार ने यह भी बताया कि पहले इस सेवा के लिए 75 रुपये शुल्क लिया जाता था, लेकिन अब इसे 31 दिसंबर 2026 तक मुफ्त कर दिया गया है।
सुरक्षा के लिहाज से भी आधार ऐप का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। अब तक 1.91 करोड़ से अधिक बार बायोमेट्रिक लॉक और अनलॉक सुविधा का उपयोग किया जा चुका है। इससे आधार धारक अपने बायोमेट्रिक डेटा को जरूरत पड़ने पर तुरंत लॉक या अनलॉक कर सकते हैं, जिससे डेटा का गलत इस्तेमाल होने का खतरा कम हो जाता है।
सरकार का कहना है कि आधार ऐप के बढ़ते इस्तेमाल से यह साफ है कि लोग सुरक्षित और डिजिटल सेवाओं को तेजी से अपना रहे हैं।





