दिल्ली और उत्तर भारत में गर्मी का कहर, तापमान 44 डिग्री के पार जाने का अनुमान

राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। सोमवार को दिल्ली के आयानगर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इसके साथ ही 48 प्रतिशत उमस ने हालात और बदतर कर दिए हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस वजह से तापमान का प्रभाव 49 डिग्री जैसा महसूस हो रहा है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों तक दिल्ली में पारा और चढ़ेगा, और यह 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे गर्मी से राहत मिलना मुश्किल दिख रहा है। हालांकि सप्ताह के अंत में हल्की बारिश की उम्मीद जताई जा रही है, लेकिन इससे पहले तापमान और बढ़ने की संभावना है। न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
दिल्ली के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी प्रचंड गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 9 से 12 जून के बीच पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में लू चल सकती है। वहीं, 9 से 13 जून के बीच जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में भी लू का असर दिखेगा।
हालांकि राहत की बात यह है कि 13 जून के बाद तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। लेकिन तब तक गर्मी से सतर्क रहने और बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।





