‘क्रिमिनल जस्टिस’ सीजन 4 का ट्रेलर रिलीज, पंकज त्रिपाठी के साथ जीशान अय्यूब की एंट्री

पंकज त्रिपाठी एक बार फिर ‘क्रिमिनल जस्टिस’ सीरीज में मशहूर वकील माधव मिश्रा के किरदार में नजर आने वाले हैं। जियो सिनेमा पर स्ट्रीम होने वाली इस पॉपुलर कोर्टरूम ड्रामा सीरीज का चौथा सीजन 29 मई से रिलीज किया जाएगा। मंगलवार को इसका ट्रेलर लॉन्च किया गया, जिसे देखकर दर्शकों में शो को लेकर जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है।
इस बार कहानी एक हाई-प्रोफाइल मर्डर केस पर आधारित है, जिसमें डॉक्टर राज नागपाल पर अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या का आरोप है। केस को डील करने के लिए उनकी पत्नी अंजू नागपाल माधव मिश्रा की मदद लेती हैं। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब अंजू खुद भी इस केस में आरोपी बन जाती हैं और एक अलग वकील हायर कर लेती हैं। इस बार की कहानी एक हत्या, दो आरोपी और तीन वकीलों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो कोर्टरूम में रोमांचक ड्रामा पेश करती है।
इस सीजन में अभिनेता जीशान अय्यूब की भी एंट्री हुई है। उनके अलावा शो में श्वेता बसु प्रसाद, मीता वशिष्ठ, सुरवीन चावला, आशा नेगी, खुशबू अत्रे, बरखा सिंह और आत्म प्रकाश मिश्रा जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
इस सीजन का निर्देशन रोहन सिप्पी ने किया है और इसे बीबीसी स्टूडियोज इंडिया के सहयोग से अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है। ‘क्रिमिनल जस्टिस’ के पहले तीन सीजन को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी, और अब चौथे सीजन को लेकर भी फैंस काफी उत्साहित हैं।





