‘152 पेपर लीक, लेकिन एक भी सजा नहीं’— राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर हमला

नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर हुए छात्र प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में 152 पेपर लीक हुए हैं, जिससे करीब 7.5 करोड़ छात्र और उनके परिवार प्रभावित हुए हैं।
बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस छात्रों की मांगों का पूरा समर्थन करती है। उनका आरोप है कि देश की शिक्षा व्यवस्था में गंभीर खामियां हैं और बार-बार होने वाले पेपर लीक से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि पिछले 10 साल में औसतन हर महीने एक पेपर लीक हुआ। इसके कारण लाखों छात्रों को दोबारा परीक्षा की तैयारी करनी पड़ी और उन्हें मानसिक तनाव झेलना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि इतने पेपर लीक होने के बावजूद अब तक किसी को सजा नहीं मिली। उन्होंने कहा कि छात्र सिर्फ एक निष्पक्ष और भरोसेमंद शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। उनके अनुसार, शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई उचित नहीं है।
राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था महंगी होती जा रही है। उन्होंने कहा कि नीट (NEET) की तैयारी और परीक्षा पर परिवार हर साल लगभग 1.32 लाख करोड़ रुपये खर्च करते हैं, जबकि केंद्र सरकार का शिक्षा बजट करीब 1.4 लाख करोड़ रुपये है। उनका कहना है कि यह आर्थिक बोझ मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों पर भारी पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार को छात्रों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए और शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी तथा भरोसेमंद बनाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।





