भारत

NEET पेपर लीक पर सरकार का रुख साफ, जेपी नड्डा बोले- हर मुद्दे पर बातचीत को तैयार हैं

नई दिल्ली: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के साथ गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल जाकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वांगचुक से अनशन समाप्त करने और छात्रों का मार्गदर्शन करने की अपील की।

बीजेपी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर बातचीत के लिए तैयार है और सभी पक्षों की बात सुनने को इच्छुक है। उन्होंने बताया कि बुधवार को सोनम वांगचुक ने उन्हें एक खुला पत्र लिखा है, जिसका सरकार जवाब देगी और आगे बातचीत की प्रक्रिया जारी रखेगी।

नड्डा ने कहा कि सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। उन्होंने प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपनी सभी मांगें लिखित रूप में दें। सरकार उन सभी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक का मुद्दा बेहद गंभीर है और इसे राजनीति का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, इस विषय पर गहन चर्चा और ठोस समाधान की जरूरत है ताकि लाखों छात्रों के साथ किसी तरह का अन्याय न हो।

जेपी नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार संसद में नीट (NEET-UG) पेपर लीक से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर यह समझना जरूरी है कि पेपर लीक क्यों हो रहे हैं, इसमें कौन लोग शामिल हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए।

राहुल गांधी के पिछले 10 वर्षों में 150 से अधिक पेपर लीक होने के दावे पर नड्डा ने कहा कि यह जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले की जांच कराएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हें देश के सामने रखा जाएगा।

इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button