जर्मनी के स्टेड शहर में गोलीबारी, 5 लोगों की मौत

जर्मनी के उत्तरी शहर स्टेड (Stade) में सोमवार को हुई गोलीबारी की घटना में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें एक मुख्य संदिग्ध शूटर बताया जा रहा है। वहीं, दूसरे हिरासत में लिए गए व्यक्ति की भूमिका की जांच की जा रही है।
यह घटना शहर के बीचों-बीच स्थित एक यूथ सेंटर के पास हुई। पुलिस के अनुसार, मृतकों में सभी वयस्क हैं। अधिकारियों ने बताया कि अब आम लोगों के लिए किसी तरह का कोई खतरा नहीं है।
घटना के बाद इलाके में बड़े पैमाने पर पुलिस अभियान चलाया गया। डैंकर्सश्ट्रासे (Dankersstraße) और आसपास के क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमें तैनात की गईं। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती रिपोर्टों में कई हमलावरों के शामिल होने की बात कही गई थी, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि इस समय किसी अन्य संदिग्ध की तलाश नहीं की जा रही है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।





