सना ए टाकाइची बनीं जापान की पहली महिला पीएम, पीएम मोदी ने दी बधाई

जापान की सत्ताधारी पार्टी, लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) की नेता सना ए टाकाइची ने मंगलवार को निचली सभा में ऐतिहासिक जीत हासिल की। उन्हें 465 सदस्यीय सदन में कुल 237 वोट मिले, जिससे उन्हें बहुमत मिला और अब वे जापान की अगली प्रधानमंत्री और देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनने जा रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बधाई देते हुए कहा- सना ए टाकाइची को जापान की प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई। भारत–जापान साझेदारी को मजबूत करने के लिए आपके साथ काम करने की उम्मीद है।
Heartiest congratulations, Sanae Takaichi, on your election as the Prime Minister of Japan. I look forward to working closely with you to further strengthen the India–Japan Special Strategic and Global Partnership. Our deepening ties are vital for peace, stability, and prosperity…
— Narendra Modi (@narendramodi) October 21, 2025
टाकाइची (64) को अब ऊपरी सदन से भी मंजूरी मिलने की उम्मीद है। मंजूरी मिलने के बाद, वे सम्राट से मुलाकात के बाद देश की 104वीं प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। वे शिगेरु इशिबा की जगह लेंगी, जिन्होंने पिछले महीने भारी चुनाव हार के बाद पद से इस्तीफा दे दिया था। जापान में महिलाओं की राजनीति में भागीदारी बहुत कम रही है, इसलिए टाकाइची की यह जीत देश के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा, जैसे महंगाई, राजनीति में अस्थिरता और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे।
उनका पहला काम कैबिनेट का गठन करना होगा, जिसे वे मंगलवार को ही पेश कर सकती हैं। इसके अलावा अगले कुछ दिनों में उन्हें कई कूटनीतिक कार्यक्रमों में भाग लेना है, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का जापान दौरा भी शामिल हो सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, टाकाइची कैबिनेट में सात्सुकी कटायामा को देश की पहली महिला वित्त मंत्री भी बना सकती हैं। कटायामा ने इस महीने टाकाइची के LDP नेतृत्व में सफल होने में समर्थन दिया था।
3 मार्च 1961 को नारा शहर में जन्मी टाकाइची ने कोबे यूनिवर्सिटी से बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई की है। उनके पिता एक उपकरण निर्माण कंपनी में सेल्समैन थे और मां नारा पुलिस में काम करती थीं। हालांकि टाकाइची का प्रधानमंत्री बनना इतिहास में दर्ज होगा, लेकिन उनके कड़े रूढ़िवादी विचार कुछ लोगों के लिए चिंता का विषय हैं। वे सम्राट परिवार में केवल पुरुष उत्तराधिकारी की पक्षधर हैं, समान लिंग विवाह का विरोध करती हैं और शादीशुदा जोड़ों के अलग-अलग सरनेम रखने के खिलाफ हैं।





