भारत

दिल्ली कार ब्लास्ट: 11 घंटे में तय हुआ खौफनाक रास्ता, पुलिस को मिला पूरा रूट मैप

दिल्ली पुलिस ने सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट की जांच में बड़ा सुराग हासिल किया है। पुलिस को उस हुंडई i20 कार का 11 घंटे का पूरा रूट मैप मिला है, जो इस धमाके में इस्तेमाल की गई थी। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे।

इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को गृह मंत्रालय के कार्तव्य भवन में एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में दिल्ली धमाके से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा की गई।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह कार सोमवार सुबह फरीदाबाद से निकली थी और करीब 11 घंटे बाद दिल्ली के लाल किला इलाके में पहुंची। इस दौरान उसने कई इलाकों से होकर सफर तय किया। CCTV फुटेज के अनुसार सुबह 7:30 बजे कार को फरीदाबाद के एशियन अस्पताल के बाहर देखा गया। 8:13 बजे यह बदरपुर टोल प्लाजा पार कर दिल्ली में दाखिल हुई और 8:20 बजे इसे ओखला इंडस्ट्रियल एरिया के पास एक पेट्रोल पंप के नजदीक देखा गया। दोपहर 3:19 बजे कार लाल किला परिसर के पास पार्किंग एरिया में दाखिल हुई और करीब तीन घंटे तक वहीं खड़ी रही। शाम 6:22 बजे कार पार्किंग से बाहर निकली और लाल किले की ओर बढ़ी। ठीक 24 मिनट बाद, यानी 6:52 बजे, चलती कार में जोरदार विस्फोट हुआ।

पुलिस के शुरुआती जांच नतीजों में यह फिदायीन हमला होने की आशंका जताई जा रही है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, जांच में पता चला है कि संदिग्ध व्यक्ति धमाका करने के इरादे से निकला था। जब संदिग्ध को पता चला कि फरीदाबाद मॉड्यूल का पर्दाफाश हो गया है, तो उसने खुद को पकड़ से बचाने और अधिक नुकसान पहुंचाने के लिए आत्मघाती (फिदायीन) हमले की योजना बना ली।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या कार का असली लक्ष्य कोई दूसरा स्थान तो नहीं था, क्योंकि विस्फोट के वक्त कार बहुत धीमी गति से चल रही थी। फिलहाल, एनआईए, दिल्ली पुलिस और फोरेंसिक टीमें सभी एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button