भारत

हमीरपुर पुल हादसा: मलबे में दबकर छह मजदूरों की मौत, कई फंसे

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। बेतवा नदी पर बन रहा एक निर्माणाधीन पुल तेज आंधी के दौरान अचानक ढह गया। हादसे के समय कई मजदूर पुल पर सो रहे थे।

यह पुल मोराकंदर और कंदौर गांव के बीच बनाया जा रहा था। रात करीब 2 बजे पुल का एक हिस्सा गिर गया, जिससे कई मजदूर मलबे में दब गए। अब तक छह मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि तीन अन्य के मलबे में फंसे होने की आशंका है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। हमीरपुर के अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि रात करीब 2 बजे हादसे की जानकारी मिली थी, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

मृतकों की पहचान लोकेन्द्र (22), कुलदीप निषाद (19), सावंत यादव (28), सभाजीत (30), पुष्पेंद्र सिंह चौहान (34) और राजेश पाल (42) के रूप में हुई है। इनमें सबसे कम उम्र के कुलदीप निषाद बांदा जिले के चिल्ला गांव के रहने वाले थे।

वहीं पुल के एक पिलर पर फंसे तीन लोगों की पहचान अवधेश निषाद, कल्लू यादव और राजेश निषाद के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, तेज आंधी आने के बाद पुल के हिस्से टूटकर गिरने लगे। इसके बाद सपोर्ट पिलर भी टूट गए और पूरा हिस्सा ढह गया। हादसे में दो सुरक्षा गार्ड भी मलबे में दब गए, जिनकी मौत हो गई।

फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रशासन को आशंका है कि मलबे से और शव बरामद हो सकते हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button