क्राइम वेब सीरीज से प्रेरित होकर रची हत्या की साजिश? अजमेर केस में बड़ा खुलासा

राजस्थान के अजमेर में पूर्व सरपंच राम सिंह चौधरी, उनकी दूसरी पत्नी, मां और भतीजी की मौत का मामला अब एक सनसनीखेज हत्या कांड में बदल गया है। शुरुआत में इसे कार में आग लगने का हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, राम सिंह चौधरी, उनकी दूसरी पत्नी सुरज्ञान, मां पूसी देवी और भतीजी महिमा के शव एक जली हुई कार में मिले थे। परिवार ने पहले दावा किया था कि राम सिंह अपनी बीमार मां को अस्पताल ले जा रहे थे, तभी कार में आग लग गई और सभी की मौत हो गई।
हालांकि जांच के दौरान पुलिस को कई बातें संदिग्ध लगीं। पुलिस ने देखा कि कार की आगे वाली सीटों पर कोई नहीं था और सभी शव पीछे की तरफ मिले। इसके अलावा सुरज्ञान के शरीर पर आग लगने से पहले चाकू के घाव के निशान भी मिले। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या के एंगल से जांचना शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस को राम सिंह के 17 वर्षीय बेटे का व्यवहार भी अजीब लगा। परिवार के बाकी लोग रो रहे थे, लेकिन वह शांत बैठा था और सामान्य तरीके से बात कर रहा था।
पूछताछ में पुलिस को परिवार के अंदर लंबे समय से चल रहे विवादों की जानकारी मिली। बताया गया कि राम सिंह की दूसरी शादी के बाद परिवार में तनाव बढ़ गया था। पुलिस के अनुसार, बेटा अपने पिता और परिवार के कुछ सदस्यों से नाराज था। जांच में सामने आया कि आरोपी किशोर पिछले कई महीनों से हत्या की योजना बना रहा था। वह अक्सर क्राइम वेब सीरीज और अपराध से जुड़े कार्यक्रम देखता था और पुलिस जांच से बचने के तरीके समझने की कोशिश करता था।
पुलिस का कहना है कि घटना वाली रात राम सिंह और उनकी दूसरी पत्नी ने शराब पी थी और सो गए थे। देर रात आरोपी उनके कमरे में पहुंचा और अपने पिता पर चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर सुरज्ञान, पूसी देवी और महिमा भी वहां पहुंच गईं। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद आरोपी की मां और बुआ ने भी उसकी मदद की और चारों की हत्या कर दी गई। जांच में यह भी सामने आया कि संपत्ति और पारिवारिक विवाद इस घटना की बड़ी वजह हो सकते हैं।
हत्या के बाद आरोपियों ने शवों को कार में रखकर आग लगा दी, ताकि मामला हादसा लगे और सबूत मिट जाएं। लेकिन चाकू के घाव और कार में शवों की स्थिति ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।





