भारत

बिहार चुनाव के दूसरे चरण में दोपहर 3 बजे तक 60.4% मतदान दर्ज

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में आज राज्य के 3.70 करोड़ से अधिक मतदाता 122 सीटों पर किस्मत आजमा रहे 1,302 उम्मीदवारों का भविष्य तय करेंगे, मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए राज्य में अभूतपूर्व सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं,

राज्य सरकार और चुनाव आयोग ने मंगलवार को होने वाले मतदान के लिए सुरक्षा तंत्र को मजबूत कर दिया है, पूरे बिहार में चार लाख से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के पूरी हो सके.

इस चरण में नीतीश कुमार मंत्रिमंडल के आधा दर्जन से अधिक मंत्री भी शामिल हैं. दूसरे चरण में जिन जिलों में मतदान होना है, उनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज शामिल हैं, ये सभी नेपाल की सीमा से सटे हुए जिले हैं.

  • बिहार विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में दोपहर 3 बजे तक 60.40% मतदान हुआ.
  • बिहार चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण में दोपहर 1 बजे तक लगभग 47.62% मतदान दर्ज किया गया.

  • बिहार चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के दौरान आज अररिया के एक मतदान केंद्र पर कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच हाथापाई हो गई. वीडियो घटनास्थल से है कांग्रेस समर्थकों ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों ने कांग्रेस मतदाताओं की पिटाई करने का आह्वान किया था.

  • बिहार: जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने द्वितीय चरण के तहत मतदान किया. जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा, “बिहार में बदलाव के लिए, शिक्षा और रोजगार के लिए, पलायन बंद करने के लिए और भ्रष्टाचार को बंद करने के लिए हर एक वोट जरूरी है. सिर्फ गांवों में बैठकर बात करने से यह नहीं होगा. मतदान केंद्र पर जाकर सही व्यक्ति का चुनाव करें जिससे बिहार में बेहतरी हो… यह जनता का मौका है. आज अगर आप चूक गए तो आपको आगामी 5 वर्षों तक बद्तर स्थिति में जीना होगा… जाएं और सही व्यक्ति का चुनाव करें.”

  • JDU सांसद संजय झा ने द्वितीय चरण के मतदान पर कहा, “आज अंतिम चरण का चुनाव है. लोग देख रहे हैं कि मतदाताओं में कितना उत्साह है वोट डालने के लिए , जो सबसे अच्छी बात है. बिहार में सुशासन, शांति और विकास के लिए बड़ी संख्या में लोग निकल रहे हैं… यह बहुत सकारात्मक संकेत है. प्रथम चरण में हमें लग रहा है कि बहुत बड़े मार्जिन से हमारे पक्ष में वोट पड़े हैं…”
  • विधानसभा उपचुनाव , सुबह 9 बजे तक दर्ज किया गया अनुमानित मतदान:नगरोटा (जम्मू-कश्मीर) – 15.11%
    बडगाम (जम्मू-कश्मीर) – 9.36%
    घाटशिला (झारखंड) – 17.33%
    डंपा (मिजोरम) – 18.38%
    नुआपाड़ा (ओडिशा) – 14.99%
    तरनतारन (पंजाब) – 10.32%
    अंता (राजस्थान) – 14.09%
    जुबली हिल्स (तेलंगाना) – 10.02%
  • नरकटियागंज, पश्चिम चंपारण: केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने बिहार विस चुनाव के दूसरे चरण के मतदान पर कहा, “…NDA गठबंधन को वोट डल रहे हैं… 100% NDA और डबल इंजन की सरकार स्थापित होने जा रही है… हम सभी लोगों से आग्रह करेंगे कि अपने बच्चों के भविष्य के लिए, अपने देश व प्रदेश के भविष्य के लिए अपना-अपना मत NDA के पक्ष में दें…” उन्होंने आगे कहा, “…विपक्ष के पास आरोप लगाने के अलावा कोई मुद्दा नहीं है.”
  • काराकाट से निर्दलीय उम्मीदवार ज्योति सिंह ने कहा. “जनता से मैं बस इतना ही कहूंगी बहुत जगहों पर मैं नहीं पहुंच पाई उसके लिए मैं माफी मांगती हूं. आगे भी मुझे एक सेवा का मौका दें. बस एक मौका चाहती हूं. जनता का जिस हिसाब से प्यार मिला और जिस तरह से समर्थन मैंने देखा उस हिसाब से लोगों ने पहले ही अंदाजा लगा लिया है कि मैं जीत रही हूं. लोग भी आकर बोल रहे हैं. परिणाम 14 नवंबर को पता चलेगा.”

  • कटिहार, बिहार: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान पर पूर्व उपमुख्यमंत्री और कटिहार से भाजपा उम्मीदवार तारकिशोर प्रसाद ने कहा, “बिहार विधानसभा के इस दूसरे चरण के मतदान में हमारा कटिहार विधानसभा क्षेत्र शामिल है. 2005 से लेकर लगातार कटिहार के मतदाताओं ने मुझे कटिहार विधानसभा क्षेत्र की सेवा करने का अवसर दिया. हमारी डबल इंजन की सरकार राज्य और देश के लिए विकास कर रही है और जिस तरह से केंद्र सरकार की योजनाओं को कटिहार में उतारा गया है, निश्चित तौर पर कटिहार के मतदाताओं में इसका असर देखने को मिला है.”
Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button